अमेठी फूड पार्क मुद्दे पर लोकसभा 2 बार स्थगित (लीड-1)

नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। अमेठी फूड पार्क मुद्दे पर मंगलवार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर के बयान पर कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया, जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने आरोप लगाया कि खाद्य मंत्री को एक ही मुद्दे पर दो बार बयान देने की अनुमति दी गई।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह सदन में अमेठी फूड पार्क को रद्द करने का मुद्दा उठाया था। अमेठी से सांसद राहुल ने इस मामले पर प्रधानमंत्री मोदी को भी निशाना बनाया था।

कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बादल द्वारा बयान देने के बाद मंगलवार को इसका विरोध किया।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि मंत्री (कौर) अपना पूरा बयान पहले नहीं दे पाई थीं। इसलिए इस मुद्दे पर उन्हें दोबारा बोलने का मौका दिया गया है।

महाजन ने कहा, “यदि आप मुझे अध्यक्ष नहीं मानते। तो मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है।”

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने सदन में खेद प्रकट करते हुए कहा कि उनकी मंशा अध्यक्ष के फैसले पर उंगली उठाने की नहीं थी। दीपेंद्र ने पहले कहा था कि सत्ता पक्ष के सदस्यों को इस मुद्दे पर पांच बार बोलने दिया गया है।

इस गतिरोध की वजह से सदन की कार्यवाही अपराह्न 11.30 बजे लगभग 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई थी।

पहले स्थगन के बाद कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा नेता किरीट सोमैया, बादल और गृहमंत्री राजनाथ सिंह पहले बोल चुके हैं और इसके बाद भी केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री को बोलने दिया गया।

भाजपा नेताओं द्वारा उनके बयान की निदा करने के बाद खड़गे ने कहा कि वह किसी भी तरह की कार्रवाई का सामना करने और अपनी सीट छोड़ने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव के लिए नोटिस दिया है, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार नहीं किया।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने खड़गे से अधिक मुश्किलें नहीं खड़ी करने को कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने फूड पार्क का मुद्दा उठाया और सरकार उसी का जवाब दे रही है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से उनके फैसले को चुनौती देने वाली किसी भी टिप्पणी को खारिज करने का भी आग्रह किया।

सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस नेताओं से शांत रहने को कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे पर उन्हें अपनी चिंता व्यक्त करने को कहा गया था।

उन्होंने कहा कि जब बादल ने फूड पार्क के मुद्दे पर पहली बार अपनी बात रखी थी, तब वह अपना बयान पूरा नहीं कर पाई थीं, इसलिए उनसे सदन के समक्ष अपना पूरा बयान देने की अनुमति दी गई।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोगों को इस मुद्दे पर पांच बार बोलने की अनुमति दी गई। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें हरसिमरत कौर से जानकारी मिली है और उससे राहुल गांधी को अवगत करा दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493