किशनगंज, 13 मई (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के एक जैन मंदिर से अज्ञात चोरों ने मंगलवार की रात अष्टधातु की बनी तीन कीमती और प्राचीन मूर्तियां चुराकर फरार हो गए।
ठाकुरगंज के थाना प्रभारी श्रीराम चौधरी ने बुधवार को कहा कि ठाकुरगंज स्थित दिगम्बर जैन मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर मंदिर के अंदर प्रवेश कर गए और वहां स्थापित भगवान महावीर की एक मूर्ति सहित तीन मूर्तियों की चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि सुबह जब श्रद्घालु मंदिर पहुंचे तब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई।
चौधरी ने कहा कि मंदिर की देखरेख कर रहे दिलीप कुमार जैन के बयान के आधार पर ठाकुरगंज थाने में चोरी की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मूर्तियों को बरामद करने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath