योनगाम (दक्षिण कोरिया), 14 मई (आईएएनएस)। भारतीय चालक आदित्य पटेल ने उम्मीद जताई है कि दक्षिण कोरिया के कोरिया इंटरनेशनल सर्किट में इस सप्ताहांत आयोजित होने जा रहे ऑडीआर8 एलएमएस कप के अगले चरण में वह एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन जारी रखने में कामयाब होंगे।
ऑडी इंडिया, जेके टायर और जुबिलेंट मोटरवर्क्स द्वारा समर्थित पटेल ने चीन के झुआई में आयोजित पहले चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
चेन्नई के पटेल फिलहाल चैम्पियनशिप में एलेक्स यूंग और राहेल फ्रे के बाद तीसरे स्थान पर हैं। पटेल दक्षिण कोरियाई सर्किट पर पहली बार अपनी कार दौड़ाएंगे।
पहले दो अभ्यास सत्र में वह हालांकि इस सर्किट पर बहुत कामयाब नजर नहीं आए लेकिन पटेल का मानना है कि वह यहां अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब होंगे।
पटेल ने कहा, “यह सर्किट मेरे लिए एकदम नया है। झुआई में ऐसा नहीं था। मैंने यहां बहुत अभ्यास भी नहीं किया है लेकिन मैनें यहां के कुछ वीडियो देखे हैं और मुझे लगता है कि यहा रेस मजेदार रहेगा। मेरी कोशिश पहला स्थान हासिल करने की होगी।”
dharmpath.com dharmpath