सेमरिया गांव, थाना थरियांव निवासी रिंकू उर्फ मानसिंह बचपन से अपने मामा अशोक सिंह निवासी करियामऊ के यहां रहकर ट्रैक्टर व बोलेरो गाड़ी चलाता था। मामा ने गांव के राम सुहावन के इकलौते बेटे दिनेश की शादी सेमरिया गांव में तय कर दी।
राम सुहावन रिंकू के साथ बाइक से सेमरिया गांव जा रहे थे तभी मंहिचा मन्दिर चैराहे के समीप पेट्रोल टंकी से पेट्रोल भरवाकर जैसे ही चौकी के पास पहुंचे तभी कानपुर से इलाहाबाद आ रही रोडवेज बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के चिथड़े उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक की मां आशा देवी व बहन ज्ञानमती, रीना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पिता लाल सिंह ने बताया कि रिंकू घर का अकेला चिराग था वह भी अब नहीं रहा। वहीं राम सुहावन का इकलौता बेटा दिनेश व पांचों बेटियां तथा पत्नी रामकली का बुरा हाल था।
जहां एक ओर खुशी का आलम गम में बदल गया वहीं मोहल्ले वासी गमजदा परिवार को सांत्वना दे रहे थे। कोतवाली प्रभारी सुरेश चन्द्र तिवारी ने बताया कि अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बस का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath