अखिलेश राज में महिलाएं असुरक्षित : भाजपा

लखनऊ, 17 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने शाहजहांपुर जिले में पांच महिलाओं को दिनदहाड़े निर्वस्त्र घुमाने की घटना पर सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस शर्मनाक घटना से यह साबित हो गया है कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज कायम है।

लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्र ने कहा कि महिलाओं के साथ इस अमानवीय कृत्य की जितनी भी निंदा की जाए कम है।

मिश्र ने कहा कि शाहजहांपुर जिले के बड़े हरेवा गांव की पांच महिलाओं को दबंगों द्वारा निर्वस्त्र घुमाया जाना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वस्त्र महिलाओं को दंबग लोग जानवरों की तरह हांक रहे थे। पग-पग पर उनका चीरहरण हो रहा था और प्रदेश सरकार हाथों पर हाथ धरे बैठी रही।

मिश्र ने कहा, “सुबह 8 बजे की घटना पर पुलिस 9-10 घंटों बाद शाम को पांच बजे पहुंच पाई। थाना पुलिस की निष्क्रियता प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था का जीवंत प्रमाण है। पुलिस और प्रशासन की तंद्रा इतनी देर से टूटी, इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की भी है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार, पुलिस और प्रशासन सांप निकलने के बाद लाठी पीटने का काम करती है। महिलाओं की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली सपा सरकार अब बताये कि प्रदेश में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं।

मिश्र ने मांग की कि इस घटना की जिम्मेदारी प्रदेश की सपा सरकार तुरंत स्वीकार करे और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493