नौसेना ने मछुआरे पर गोली चलाने की बात स्वीकारी

मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना ने सोमवार को स्वीकार किया कि मुंबई के तट से 80 किलोमीटर दूर अरब सागर में एक मछुआरे पर उन्होंने गलती से गोलियां चलाई थीं, क्योंकि वह अपनी नौका में वर्जित तेल क्षेत्र के बेहद करीब पहुंच गया था।

एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

घटना रविवार शाम की है, जब भारतीय नौसेना का एक ‘तत्काल सहायता जहाज’ उच्च सुरक्षा वाले वर्जित ‘ऑफशोर डेवलपमेंट एरिया ऑफ बम्बई हाई’ में सुरक्षा गश्ती पर था।

गश्ती कर रहे नौसैनिकों ने देखा कि मछली पकड़ने वाली एक नौका वर्जित तेल क्षेत्र के बिल्कुल पास पहुंच गई थी। नौका को वर्जित इलाके से हटने के लिए चेतावनी भी दी गई।

भारतीय नौसेना ने कहा, “बार-बार चेतावनी देने के बाद भी जब नौका वर्जित क्षेत्र से नहीं हटी, तो नौसैनिकों ने चेतावनी के लिए पानी में गोलियां चलाईं, जो दुर्घटनावश नौका में मौजूद मछुआरे को जा लगी।”

गोली लगने के बाद मछुआरे को तत्काल हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई है।

पीड़ित के परिवार को सूचित कर दिया गया है और घटना की सूचना संयुक्त अभियान केंद्र को दे दी गई है, जिसने मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493