निवेश लाने की संभावनाएं तलाशने शिवराज जापान जाएंगे

भोपाल, 18 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाना चाहते हैं। उनका कहना है कि वे निवेशकों से नियमित चर्चा करने के साथ निवेश लाने और प्रदेश में इसकी संभावनाओं के अध्ययन के लिए जरूरी हुआ तो जापान भी जाएंगे।

वाणिज्य-उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में सोमवार को मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य में प्रस्तावित चारों नवीन औद्योगिक कोरिडोर में मॉडल औद्योगिक केन्द्र विकसित किए जाएंगे। साथ ही औद्योगिक विकास के लिए जरूरी प्रक्रियाओं को और सरल बनाया जाएगा।

चौहान ने अफसरों को निर्देश दिए कि ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार आसान बनाने की पहल) के तहत नियम-प्रक्रियाओं के सरलीकरण में तेजी लाई जाए। साथ ही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2014 में आए प्रस्तावों पर अमल में गति लाई जाए।

उन्होंने कहा कि वे हर माह के पहले सोमवार को इसकी स्वयं समीक्षा करेंगे तथा निवेशकों से नियमित चर्चा भी करेंगे। उन्होंने कहा कि निवेश लाने तथा प्रदेश में इसकी संभावनाओं के अध्ययन के लिए जरूरी हुआ तो जापान भी जाएंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने नवीन औद्योगिक कोरिडोर में आदर्श औद्योगिक केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए, जिनमें उद्योगों की स्थापना की सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। जिससे वहां ज्यादा उद्योग-धंधे आ सकें।

उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना में क्षेत्रीय भावनाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। साथ ही चम्बल के बीहड़ में उपलब्ध शासकीय भूमि की जानकारी एकत्र करने के निर्देश दिए ताकि वहां भी औद्योगिक विकास का कार्य हो सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493