वाशिंगटन, 19 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश विभाग ने वाशिंगटन स्थित एक अमेरिकी अदालत में हिलेरी क्लिंटन के विदेश मंत्री रहते हुए उनके द्वारा किए गए ईमेल सार्वजनिक करने का प्रस्ताव रखा है। ये ईमेल एक निजी सर्वर के द्वारा किए गए थे। पॉलिटिको समाचार पत्र ने अपनी रपट में यह जानकारी दी।
वाइस न्यूज ने सूचना की आजादी अधिनियम के अंतर्गत ईमेल सार्वजनिक करने की मांग करते हुए एक मुकदमा दायर किया है।
जब ये ईमेल सार्वजनिक होंगे, तब हिलेरी द्वारा सरकार को इन्हें सौंपे सालभर से अधिक समय बीत जाएगा।
हिलेरी क्लिंटन के 2009 से 2012 के कार्यकाल के दौरान संपर्क के लिए व्यक्तिगत ईमेल और निजी सर्वर के इस्तेमाल का विवाद सामने आने के बाद हिलेरी के कार्यकाल के बीच ईमेल द्वारा हुई बातचीत के 55,000 पन्ने विभाग को सौंप दिए गए थे।
विभाग ने इन्हें 15 जनवरी, 2016 को जारी करने की योजना बनाई है। यह दस्तावेज एक फरवरी को लोवा में डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए आयोजित प्राइमरी से कुछ सप्ताह पहले सार्वजनिक किए जाएंगे।
पॉलिटिको द्वारा सोमवार को जारी रपट के अनुसार, विदेश विभाग के सूचना कार्यक्रमों और सेवाओं के कार्यवाहक निदेशक हॉन हैकेट ने कहा, “विभाग इन रिकॉर्डो में जनता की विशेष रुचि को समझता है और शीघ्रता से उनकी समीक्षा करने और उन्हें सार्वजनिक करने के लिए पूरा प्रयास कर रहा है।”
2016 के राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी क्लिंटन डेमोक्रेटिक पार्टी की पसंदीदा उम्मीदवार हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि जो सामग्री विभाग को सौंपी गई है, उसमें से किसी भी आधिकारिक ईमेल और संदेश को डिलीट नहीं किया गया है, बल्कि केवल व्यक्तिगत मैसेज ही डिलीट किए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath