गाजीपुर, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के शेखपुरा गांव में बुधवार देर रात तेज गति से आ रहे एक बोलेरो की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि नोनहरा थाना क्षेत्र के खालिसपुर शेखपुरा विश्वनाथ कुशवाहा के यहां बारात आई थी। शादी समाहरोह रौजा-मुहम्मदाबाद रोड पर स्थित उनके घर के बाहर हो रहा था। भोजन की व्यवस्था बाहर की गई थी, जहां लोग आपस में बातचीत भी कर रहे थे। दुल्हन के पिता भी यहां बारातियों के स्वागत-सत्कार में लगे थे। इसी बीच, मुहम्मदाबाद की ओर तेज गति से जा रहे एक बोलेरो ने बाहर सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन के साथ फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में दुल्हन के पिता विश्वनाथ कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रवण, निशांत व एक अज्ञात महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
dharmpath.com dharmpath