कंपनी ने एमबीए मुस्लिम युवक को नहीं दी नौकरी

मुंबई, 21 मई (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी में एक प्रमुख हीरा कंपनी ने एक मुस्लिम युवक को नौकरी देने से इनकार कर दिया। युवक ने कंपनी पर ‘धार्मिक भेदभाव’ का मामला दर्ज कराया है।

एमबीए कर चुका मुंबई निवासी जीशान अली खान ने आईएएनएस से कहा, “हां, मैंने इस मुद्दे पर विनोबा भावे नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस सबूत जुटा रही है।”

उसने बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स स्थित एक हीरा एक्सपोर्ट कंपनी हरिकृष्णा एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी के लिए आवेदन किया था।

उसके कई अन्य दोस्तों ने भी इस नौकरी के लिए आवेदन किया था और उन्हें कंपनी ने नौकरी पर रख भी लिया, क्योंकि वे हिंदू थे।

जीशान ने कहा कि वह कंपनी के जवाब से हैरान था। कंपनी ने उसके आवेदन के जवाब में लिखा था, “आपके आवेदन के लिए शुक्रिया। हमें आपको बताते हुए अफसोस हो रहा है कि हम सिर्फ गैर-मुस्लिम उम्मीदवारों को काम पर रखते हैं।”

जीशान ने जब कंपनी का वह जवाब अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया, तो कई लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। वहीं, कंपनी ने खेद जताया।

कंपनी के मानव संसाधन विभाग के प्रमुख एवं एसोसिएट उपाध्यक्ष महेंद्र एस. देशमुख ने खेद नोट में लिखा, “हम स्पष्ट करना चाहेंगे कि कंपनी लिंग, जाति, धर्म आदि के आधार पर उम्मीदवारों के साथ भेदभाव नहीं करती है। इस मामले के कारण किसी भी तरह की तकलीफ होने पर खेद है।”

देशमुख ने सारा दोष एक प्रशिक्षु सहकर्मी दीपिका टिके के सिर मढ़ दिया। उनका दावा है कि गलत ईमेल उसी ने भेजा।

माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने इस मामले की रिपोर्ट मांगी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493