रायपुर, 21 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मस्तिष्क कैंसर से पीड़ित छह वर्ष की नन्हीं बालिका वैदेही सोनी का इलाज विशेष प्रकरण के रूप में संजीवनी कोष से करवाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने गुरुवार को राजधानी रायपुर के अपने निवास परिसर में आयोजित ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम में वैदेही के पिता धीरेंद्र सोनी के आवेदन पर उन्हें बच्ची के इलाज के लिए राज्य शासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री को सोनी ने बताया कि ब्रेन कैंसर का इलाज काफी खर्चीला है और परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह इसका खर्च वहन कर सके। डॉ. सिंह ने उनके प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
डॉ. रमन सिंह ने इस प्रकरण में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री रमशिला साहू की अनुशंसा पर वैदेही के इलाज के लिए अधिकारियों को संजीवनी कोष से तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
dharmpath.com dharmpath