सेना को घुसपैठियों पर लगाम लगाने के निर्देश (लीड-1)

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने गुरुवार को कहा कि देश में घुसने वाले घुसपैठियों को रोकने के लिए सेना को निर्देश दिए गए हैं।

समाचार चैनल ‘आजतक’ द्वारा आयोजित ‘मंथन’ सम्मेलन में रक्षामंत्री ने कहा, “मैं सिर्फ यही कह सकता हूं कि देश में घुसने की कोशिश करने वाले घुसपैठिए को रोका जाएगा।”

उन्होंने कहा, “बंदूक के साथ देश की सीमा में घुसने वाले आतंकवादी के साथ मानवीय आधार पर बर्ताव नहीं किया जा सकता।”

रक्षा मंत्री से जब पूछा गया कि मुबई जैसे आतंकी हमले का क्या भारत करारा जवाब देगा तो उन्होंने कहा कि जरूरी यह है 26/11 जैसा हमला दोबारा न हो।

पर्रिकर ने कहा, “ऐसे कई कदम उठाए जा सकते हैं.. ये कदम कूटनीतिक भी हो सकते हैं, दबाव की रणनीति भी हो सकती है। कांटे से भी कांटा निकालना पड़ता है।”

उन्होंने कहा, “आतंकवादी के जरिये ही आतंकवाद को खत्म करेंगे।” हालांकि उन्होंने इस बात पर ज्यादा कुछ नहीं कहा।

उन्होंने हालांकि कहा कि सेना को व्यापक क्षति नहीं हो और किसी भी भारतीय जवान की मौत न हो इसके लिए एहतियात बरतने के निर्देश दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, “सावधानी बरती जाए कि किसी तरह की बड़ी क्षति न हो। नागरिकों पर इसका प्रभाव न पड़े।”

यह पूछे जाने पर कि पिछली सरकार के कार्यकाल की तुलना में वर्तमान सरकार में क्या बदलाव है, उन्होंने कहा, “सीमा पर मुस्तैदी बढ़ी है, खुफिया एजेंसियों में सुधार हुआ है।”

पर्रिकर ने कहा कि वह हर कीमत पर सेना के साथ खड़े रहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493