पर्रिकर जम्मू पहुंचे, नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा का जायजा लेंगे

जम्मू, 23 मई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर शनिवार को जम्मू पहुंचे, जहां वह नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों से इस पर बातचीत करेंगे।

रक्षा मंत्री को लेकर एक विशेष विमान शनिवार सुबह जम्मू हवाईअड्डे पर उतरा।

सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग और जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल डी. एस. हुड्डा के साथ पर्रिकर 16वीं कॉर्प्स के नगरोटा मुख्यालय गए।

सुरक्षा सूत्रों ने जम्मू में आईएएनएस को बताया कि पर्रिकर ने एलओसी पर मौजूदा हालात के बारे में जानकारी ली और जम्मू क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे सेना के अभियान के बारे में भी पूछा। 16वीं कॉर्प्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल के. एच. सिंह ने रक्षा मंत्री को कॉर्प्स के नगरोटा मुख्यालय में हालात से अवगत कराया।

सुरक्षा सूत्र के मुताबिक, “पर्रिकर आज (शनिवार) पुंछ जिले के भीमबेर गली सेक्टर में एलओसी पर महत्वपूर्ण चौकियों के दौरे पर हैं।”

जम्मू एवं कश्मीर के दो दिवसीय दौरे के समापन से पहले पर्रिकर शनिवार शाम माता वैष्णव देवी मंदिर के दर्शन के लिए भी जाएंगे।

पर्रिकर ने शुक्रवार को लद्दाख क्षेत्र में सियाचिन ग्लेशियर का दौरा किया और देश के सर्वाधिक संवेदनशील सीमा क्षेत्र की सुरक्षा में तैनात सेना के जवानों और अधिकारियों को संबोधित किया।

रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को श्रीनगर में जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल एन. एन. वोहरा एवं मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के साथ राज्य में सुरक्षा के हालात पर चर्चा की थी।

पर्रिकर ने श्रीनगर में सेना की 15वीं कॉर्प्स के मुख्यालय बादामी बाग का भी दौरा किया और 15वीं कॉर्प्स के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा के नेतृत्व में फील्ड कमांडर दल के साथ कश्मीर घाटी में सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493