शादी नहीं, टेनिस पर ध्यान देना चाहती हैं शारापोवा

पेरिस, 23 मई (आईएएनएस)। मौजूदा फ्रेंच ओपन चैम्पियन रूस की मारिया शारापोवा ने कहा है कि वह दूसरे टेनिस खिलाड़ियों को शादी करते देख खुश हैं लेकिन फिलहाल उनकी ऐसी कोई इच्छा नहीं है। शारापोवा के अनुसार वह अभी टेनिस पर ही ध्यान देना चाहती हैं।

विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त शारापोवा पिछले हफ्ते रोम मास्टर्स का खिताब अपने नाम करने में कामयाब रहीं। महज 17 साल की उम्र में 2004 में विंबलडन खिताब जीतने वाली शारापोवा के नाम चार ग्रैंड स्लैम खिलाब हैं। वह 2012 और 2014 में फ्रेंच ओपन जीतने में कामयाब रहीं।

शारापोवा ने शुक्रवार को कहा, “हम एथलीट हैं और यहां अपना काम कर रहे हैं। हम कई बार भूल जाते हैं कि टेनिस हमारी जिंदगी का एक छोटा सा हिस्सा है। खासकर महिलाओं के लिए इसमें अपने करियर को लंबा खींच पाना ज्यादा मुश्किल है।”

शारापोवा के अनुसार, “पुरुषों का करियर शायद थोड़ा ज्यादा लंबा होता होगा, लेकिन महिलाओं के लिए परिवार और बच्चे की वजह से यह मुश्किल होता है।”

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले तीसरे वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के पुरुष खिलाड़ी एंडी मरे परिणय सूत्र में बंधे। वहीं, शीर्ष वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविक भी हाल में पिता बने।

शारापोवा के अनुसार, “इतने सारे परिवार वाले पुरुष खिलाड़ियों को देखना अच्छा अनुभव है। मैंने इस बारे में लेकिन अभी कुछ नहीं सोचा है। मैंने एक खेल को अपना करियर चुना है तथा इसमें और अच्छा करना चाहती हूं।”

फ्रेंच ओपन में शारापोवा अपने अभियान की शुरुआत एस्टोनिया की काइया केनेपी के खिलाफ करेंगी। फ्रेंच ओपन रविवार से शुरू होना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493