लखनऊ, 24 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जाली मुद्रा को देश की एक बड़ी समस्या बताया है। वह अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रविवार को स्टेट बैंक के एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे।
गोमतीनगर स्थित संगीत कला अकादमी में रविवार को भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ के त्रिवार्षिक अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में जाली मुद्रा एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। बैंक तथा अन्य संस्थान इस पर अंकुश तो लगा रहे हैं, लेकिन बड़ी तादाद में असामाजिक तत्व इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “जाली मुद्रा देश की आर्थिक व्यवस्था पर भी चोट कर रही है। हमें इसे पूरी तरह रोकना होगा।”
राजनाथ ने कहा, “केंद्र सरकार की नीतियां बहुत बेहतर तथा कारगर साबित हो रही हैं। हम देश की विकास दर को भी आगे ले जाने में सफल रहे हैं। मोदी सरकार ने एक वर्ष में जो काम कर दिखाया, उसे पिछली सरकार 20 वर्षो में भी नहीं कर सकी थी।”
dharmpath.com dharmpath