तेलंगाना, आंध्र में लू से 30 मौतें

हैदराबाद, 24 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में लू का प्रकोप बरकरार है। रविवार को लू की चपेट में आए 30 और लोगों की मौत हो गई।

तेलंगाना और आध्र प्रदेश के कई इलाके इस समय लू की चपेट में हैं। तेलंगाना में लू के कारण जहां 25 लोगों की मौत हुई, वहीं आंध्र प्रदेश में पांच लोगों की जानें गईं।

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को हुई मौतों के अलावा इन दोनों राज्यों में अबतक लू से 223 लोगों की मौत हो चुकी है। आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने कहा कि मृतकों के आंकड़े के लिए वे जिला स्तर के अधिकारियों की ओर से पुष्टि होने का इंतजार कर रहे हैं।

तेलंगाना के राजस्व सचिव बी. आर. मीणा ने कहा कि शुक्रवार तक मिली रपट के मुताबिक, राज्य में अबतक 128 लोगों की मौत हुई है। मृतकों के आंकड़े को लेकर यह पहला आधिकारिक बयान था।

आंध्र प्रदेश में आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि राज्य में लू से 85 लोगों की मौत हुई है।

तेलंगाना के खम्माम, नलगोंडा और रामागुंडम में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, जबकि हनमकोंडा और निजामाबाद में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आंध्र प्रदेश में दक्षिणी तटीय क्षेत्रों -मछल्लीपट्टनम और विजयवाड़ा- में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हैदराबाद मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में लू का असर बरकरार रहेगा।

मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को धूप से बचने और गर्मी में एहतियात बरतने की सलाह दी है। लोगों को घरों के अंदर रहने और जरूरत पड़ने पर पूरी सुरक्षा के साथ बाहर निकलने के लिए कहा है।

तेलंगाना के 10 जिलों और आंध्र प्रदेश के दक्षिण तटीय इलाकों में बीते एक सप्ताह से लू का कहर जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493