मुंबई, 24 मई (आईएएनएस)। मुंबई फायर ब्रिगेड के मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील नेसारिकर की रविवार को मौत हो गई। नेसारिकर नौ मई को एक इमारत में लगी आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेसारिकर नवी मुंबई के नेशनल बर्न सेंटर में भर्ती थे। वह 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गए थे और पिछले पंद्रह दिनों से उनका इलाज चल रहा था।
दक्षिण मुंबई के भीड़भाड़ वाले कालबादेबी क्षेत्र की 50 साल पुरानी गोकुल निवास इमारत में आग बुझाने के दौरान घायल हुए नेसारिकर की मौत से इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है और ये सभी मृतक दमकलकर्मी ही हैं।
इससे पहले, मुंबई फायर ब्रिगेड के उप प्रमुख अग्निशमन अधिकारी एस.डब्ल्यू. अमीन की भी इसी हादसे में मौत हो गई थी, वह इस हादसे में 80 प्रतिशत तक झुलस गए थे।
इसके साथ ही आग बुझाने के दौरान लापता हुए दो अन्य दमकलकर्मी एम.एम देसाई और एस.डब्ल्यू. राणे का शव अगले दिन इमारत के मलबे से मिला था। घटना के बाद यह इमारत ध्वस्त हो गई थी।
नौ मई को घटी यह घटना पिछले 10 महीनों के दौरान शहर के फायर ब्रिगेड विभाग के लिए दूसरी बड़ी भीषण घटना रही है।
dharmpath.com dharmpath