पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने कचनौंदा बांध की सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से ध्यान में रखते हुए यहां एक अस्थायी चौकी का निर्माण किया है। पुलिस चौकी में एक चौकी इंचार्ज, एक हेड कांस्टेबल व तीन कांस्टेबलों को नियुक्त किया गया है।
कचनौंदा बांध परियोजना का लोकार्पण उत्तर प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव द्वारा 9 अक्टूबर, 2012 को किया गया था। थाना बानपुर क्षेत्र के अंतर्गत कचनौंदा बांध का निर्माण विगत वर्षो में किया गया है। इस बांध में पानी निकासी के लिए अत्याधुनिक गेट लगाए गए हैं।
पानी अधिक होने पर सुलभ निकासी के लिए स्लिप-वे का निर्माण भी किया गया है। बांध की सुंदरता बढ़ाने एवं सैलानियों के बांध पर घूमने के लिए आकर्षक पार्क का निर्माण भी कराया गया है। इसकी सुरक्षा व्यवस्था अभी तक बानपुर पुलिस की देखरेख में थी।
कचनौंदा बांध परियोजना के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में शांति व सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चैधरी ने यहां अस्थायी चौकी का निर्माण कराया है।
अस्थायी चौकी में उपनिरीक्षक (विशेष श्रेणी) कायम सिंह को तैनात किया गया है। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों की फोर्स भी बांध की सुरक्षा व्यवस्था में तैनाती की गई है। यानी कचनौंदा बांध घूमने के लिए आने वाले लोगों पर अब पुलिस की नजर रहेगी।
dharmpath.com dharmpath