भोपाल, 25 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में सोमवार सुबह हल्की बदली छाई हुई है, जिससे गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में सोमवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। बदली छाने से धूप की तल्खी कुछ कम है। हवाएं भी अपेक्षाकृत कुछ राहत भरी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान रीवा, सागर संभाग और ग्वालियर, भिंड, मुरैना तथा दतिया में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ जगहों पर लू का असर बना रहेगा।
राजधानी भोपाल में सोमवार को न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री, इंदौर में 25.8 डिग्री, ग्वालियर में 25.6 डिग्री और जबलपुर में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पहले यानी रविवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री, इंदौर में 41.9 डिग्री, ग्वालियर में 44.9 डिग्री और जबलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राज्य में सबसे गर्म खजुराहो रहा, जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath