परिपक्व कप्तान बन चुके हैं रोहित : तेंदुलकर

कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में रविवार को खिताबी जीत हासिल करने वाली मुंबई इंडियंस टीम के मेंटर एवं दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की।

तेंदुलकर ने कहा है कि रोहित एक कप्तान के रूप में परिपक्व हो चुके हैं।

आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर सोमवार को तेंदुलकर के हवाले से कहा गया है, “रोहित ने जब मुंबई को कप्तानी संभाली थी, तब और आज के रोहित में तुलना करें तो वह आज कहीं बेहतर कप्तान नजर आता है। वह अब पहले से अधिक आत्मविश्वास में नजर आता है। मुंबई के कप्तान के रूप में उसने काफी उतार-चढ़ाव देखे और काफी चुनौतियों का सामना किया।”

गौरतलब है कि मुंबई ने रविवार को इडेन गरडस में हुए आईपीएल-8 के फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 41 रनों से मात देकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मैच में 26 गेंदों पर 50 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले रोहित मैन ऑफ द मैच रहे।

रोहित के साथ लेंडल सिमंस (68) ने दूसरे विकेट के लिए 119 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

तेंदुलकर ने सिमंस की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “मेरे खयाल से सिमंस ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। सिमंस के प्रभाव में टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। सिमंस के कारण अन्य खिलाड़ियों को अपना स्वाभाविक खेल दिखाने का पूरा मौका मिला।”

तेंदुलकर ने रोहित की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा, “मेरे खयाल से वह अपनी रणनीतियों को सटीक तरीके से लागू करने में सफल रहा। हम ड्रेसिंग रुम में काफी योजनाएं बनाते हैं, लेकिन यह कप्तान पर निर्भर करता है कि वह अपने गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों से उन रणनीतियों को कैसे लागू करवाता है।”

तेंदुलकर ने टीम के लिए इस संस्करण में पहली बार खेलने वाले युवा खिलाड़ियों जगदीश सुचीत और हार्दिक पांड्या की भी सराहना करना नहीं भूले। रणजी ट्रॉफी विजेता कर्नाटक के कप्तान एवं तेज गेंदबाज विनय कुमार की तेंदुलकर ने तारीफ की। विनय पहली बार मुंबई के लिए खेले।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493