आंध्र, तेलंगाना में लू से मरने वालों की संख्या 500 पार

हैदराबाद, 25 मई (आईएएनएस)। गर्मी के कहर से उबल रहे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सोमवार को लू लगने से 85 लोगों की मौत हो गई। पिछले छह दिनों में राज्य में लू थपेड़ों ने 517 लोगों की जान ले ली है।

दोनों राज्यों में लू रुकने का नाम नहीं ले रही है। यहां पर तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

लू के कारण सोमवार को आंध्र प्रदेश में 45 लोगों की मौत हुई है जबकि तेलंगाना में 40 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

दोनों राज्यों में अधिकारियों ने रविवार तक लू के कारण 432 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी थी। आंध्रप्रदेश में रविवार तक 246 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं तेलंगाना में 186 लोग मारे गए हैं।

अकेले रविवार को दोनों राज्यों में कुल 102 लोगों की मौत हुई है।

अनाधिकारिक सूत्रों ने हालांकि कहा कि पिछले छह दिनों में लू के कारण 1,000 लोगों की जान गई है।

हैदराबाद मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना के हमानकोंडा में सोमवार का तापमान सबसे अधिक रहा। यहां का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रामगुंडम का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तेलंगाना में राज्य की राजधानी हैदराबाद सहित ज्यादातर शहरों का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों तक लू इसी प्रकार से चलती रहेगी।

तटीय आंध्र प्रदेश में भी सूरज आग उगल रहा है। यहां पर काकीनाडा, मछलीपट्टनम और टूनी का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दक्षिणी तटीय जिलों में कृष्णा, प्रकाशम, गुंटूर और नेल्लोर में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। लू के कारण यहां पर सबसे अधिक लोगों की जान गई है।

लू के कारण तेलंगाना के सभी 10 जिलों और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से लू के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493