राहुल के केरल दौरे को लेकर कांग्रेस में उत्साह : सुधीरन

कोझिकोड, 26 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस के केरल प्रदेश अध्यक्ष वी.एम. सुधीरन ने मंगलवार को बताया कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आज से शुरू हो रहे राज्य के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

सुधीरन ने आईएएनएस को बताया, “राहुल इस दौरे के दौरान किसानों और मछुआरों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त राज्य के पिछड़े तबकों के लोगों से मिलेंगे। पार्टी उपाध्यक्ष से मिलने के लिए पार्टी के सभी शीर्ष नेता यहां पहुंच गए हैं।”

सुधीरन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद पिछले महीने दिल्ली में हुई किसान रैली में राहुल का जो प्रभाव दिखा, उससे कांग्रेस को प्रोत्साहन मिला है।

सुधीरन ने कहा, “वापसी के बाद (दो माह के अवकाश के बाद) वह बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, संसद में मौजूद होते हैं और विभिन्न मुद्दों को उठाते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला भी बढ़ा है। यह केरल में भी नजर आ रहा है।”

राहुल मंगलवार को यहां युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित एक रैली को भी संबोधित करने वाले हैं। बुधवार सुबह वह थ्रिसुर जिले में चावकड़ समुद्र तट पर मछुआरों को संबोधित करेंगे।

चावकड़ समुद्र तट पर एक मछुआरे ने कहा “हमें खुशी है कि एक राष्ट्रीय नेता हमसे बात करने और हमारी बात सुनने आ रहा है।”

राहुल बुधवार को विभिन्न किसान संगठनों, खास तौर से कोच्चि के आसपास के रबर किसानों से भी बातचीत करेंगे।

पूर्व रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने आईएएनएस को बताया कि वह इस दौरे में कोझिकोड में राहुल के साथ हैं।

राहुल के इस दौरे को राज्य में अक्टूबर/नवंबर में होने वाले स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ओमन चांडी भी राहुल के साथ होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493