तिरुवनंतपुरम, 1 जून (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारी दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन को लेकर मौसम पर बराबर नजर रख रहे हैं।
आईएमडी ने इसके पहले अनुमान जताया था कि दक्षिण-पश्चिम मानूसन 30 मई को केरल पहुंच सकता है।
तिरुवनंतपुरम में आईएमडी के निदेशक के. संतोष ने सोमवार को आईएएनएस से कहा कि मानसून आगमन की घोषणा नई दिल्ली से होगी।
संतोष ने कहा, “यह घोषणा करने के लिए कि केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है, लक्षद्वीप, केरल और मैंगलोर स्थित 14 मौसम केंद्रों पर दर्ज किए गए डाटा पर पैनी नजर रखी जा रही है।”
उन्होंने कहा कि मानसून आगमन की घोषणा करने से पूर्व कई अन्य पहलुओं का भी निरीक्षण करना होता है।
मौसम अधिकारी 10 मई से शुरू हुई बारिश पर नजर रख रहे हैं। अगर 60 फीसदी या उससे अधिक मौसम केंद्रों पर लगातार दो दिन 2.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जाती है, तो यह मानसून आगमन का संकेत है।
आईएमडी की रपट दर्शाती है कि पिछले एक दशक में किए गए अनुमान सही साबित हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath