गोधरा कांड के बदले देश को मिले मोदी : अशोक सिंघल

लखनऊ, 10 जून (आईएएनएस)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के नेता अशोक सिंघल ने देश में इस्लाम को मानने वालों पर जमकर निशाना साधा। विहिप नेता ने कहा कि गोधरा में जिहादी इस्लाम ने कार सेवकों को जिंदा जला दिया था और उसी का नतीजा है कि नरेंद्र मोदी जैसा व्यक्ति मिला है।

सिंघल ने कहा, “आज दिल्ली की सत्ता उन लोगों के पास है, जो मानते हैं कि अयोध्या में बाबरी मस्जिद नहीं, बल्कि राम मंदिर था। जिहादी आक्रमणकर्ताओं ने जबरन लोगों को इस्लाम कबूल करवाया। जिन्होंने इस्लाम कबूल नहीं किया, उन्हें दलित बना दिया गया। इससे हिंदू समाज को बहुत नुकसान हुआ है।”

अशोक सिंघल ने ये बातें बुधवार को लखनऊ में महाराजा सुहेल देव की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही। इस दौरान गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि देश का इस्लाम जिहादी है। जिहादी इस्लाम दुनिया से खत्म हो जाएगा, जबकि शांतिपूर्ण इस्लाम बना रहेगा। ये जिहादी इस्लाम दुनिया में शांति नहीं रखना चाहता है, जबकि दुनिया चाहती है कि हम शांति से रहें।

विहिप नेता ने कहा कि नए-नए जिहादी संगठन खड़े हो रहे हैं। सीरिया से चला आईएसआईएस कहर बरपा रहा है। यह सारी दुनिया देख रही है।

उन्होंने कहा कि जब भगवान चाहेंगे, तब राम मंदिर बन जाएगा। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि राममंदिर को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों है।

विहिप नेता ने इस्लाम को मानने वालों पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि देश में इस्लाम अनुयायी जिहादी हैं। ये जिहादी दुनिया में अमन-चैन नहीं चाहते हैं। राजा विक्रमादित्य ने जो राम मंदिर बनवाया था, उसे मुगलों ने तोड़ दिया। 800 साल बाद नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दिल्ली की गद्दी पर हिंदुओं ने सत्ता पाई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493