नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सोमनाथ भारती के खिलाफ उनकी पत्नी द्वारा घरेलू हिंसा के आरोप को लेकर गुरुवार को उनके कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी भारती के विरोध में हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित उनके कार्यालय पहुंचे और उनके विधायक पद से इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में भाजपा की महिला सदस्य भी बड़ी संख्या में शामिल थीं।
कार्यालय के बाहर हो रहे हंगामे को देखते हुए भारती वहां से निकलने के लिए कार में सवार हुए, लेकिन प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उनका रास्ता रोक लिया और कार को घेर लिया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्यााय ने कहा, “आप का असली चेहरा और इसके नेताओं की हकीकत बेनकाब हो चुकी है। वे कैसे दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा करेंगे, जब उनके अपने घर में महिलाएं असुरक्षित हैं। उन्हें (भारती) इस्तीफा दे देना चाहिए।”
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भारती की पत्नी लिपिका मित्रा की ओर से उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाए जाने के बाद बुधवार को उनके खिलाफ सम्मन जारी किया था।
दूसरी तरफ, आप के विधायक भारती ने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों से इंकार किया।
भारती, दिल्ली में आप सरकार के पहले कार्यकाल में कानून मंत्री थे।
dharmpath.com dharmpath