मेलबर्न, 12 जून (आईएएनएस)। मलेशिया एयरलाइंस के एक यात्री विमान के इंजन में आग लगने की झूठी चेतावनी के बाद उसे शुक्रवार को आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आपात स्थिति में उतरा पड़ा।
द एज डेली की रपट के मुताबिक, एयरबस ए-330 विमान ने कुआलालंपुर के लिए उड़ान भरी ही थी कि उसके कॉकपिट के भीतर चेतावनी संबंधी लाइट जलने लगी जिसके कारण विमान चालक को मजबूरन वापस लौटना पड़ा, और विमान को आपात स्थिति में उतारना पड़ा।
ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट सेफ्टी ब्यूरो के प्रवक्ता ने कहा कि विमान संख्या एमएच-148 को विभिन्न आपात वाहनों की मौजूदगी में उतारा गया। लेकिन जांच के दौरान पता चला कि इंजन में आग नहीं लगी थी।
हालांकि इस दौरान कोई भी घायल नहीं हुआ। विमान में 300 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान को ए िअन्य क्षेत्र में ले जाया गया और इस दौरान उस पर सवार यात्री विमान में ही बैठे रहे।
इसके बाद यात्रियों को होटल में रुकने अथवा कुआलालंपुर की ओर जा रहे दूसरे विमान से यात्रा करने का विकल्प दिया गया।
एक यात्री ने कहा, “वहां ज्यादा घबराहट नहीं थी, क्योंकि डरने जैसी कोई बात नहीं थी और चालक हमें बार-बार यही कह रहा था कि स्थिति काबू में है।”
ट्विटर पर जारी एक बयान में मलेशिया एयरलाइंस ने कहा कि विमान को उतार लिया गया और उसकी जांच की जा रही है।
हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि इस स्थिति के कारण कोई दूसरा विमान प्रभावित नहीं हुआ है और विमान समान्य रूप से काम कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath