नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की फर्जी डिग्री का मामला पार्टी के लोकपाल के पास भेज दिया गया है। अब इस मामले पर लोकपाल ही अंतिम फैसला लेंगे।
पार्टी का यह निर्णय ऐसे समय में सामने आया है, जब तोमर की एलएलबी डिग्री कथित रूप से फर्जी होने के बारे में नए खुलासे हुए हैं। आप का यह फैसला काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अबतक पार्टी तोमर का बचाव करती रही है।
आप नेता संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अगले दो दिनों में तोमर के खिलाफ कार्रवाई का फैसला किया जा सकता है। यह कार्रवाई पार्टी में अन्य के लिए एक चेतावनी की तरह होगी।” उन्होंने कहा कि पार्टी की लोकपाल रपट के बाद ही फैसला किया जाएगा।
आप के दो अन्य विधायक सुरेंद्र सिंह और विशेष रवि पर भी फर्जी डिग्री के आरोप लगे हैं। सिंह ने कहा, “हमें इस मामले में जानकारी मिली है। पार्टी की लोकपाल रपट के बाद सभी पर फैसला किया जाएगा।”
dharmpath.com dharmpath