लोक शिकायतों के लिए होगी सिंगल हेल्पलाइन : केजरीवाल

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार शहरवासियों के लिए लोक शिकायतों से संबंधित सिंगल हेल्पलाइन लाने की योजना बना रही है। लेकिन इस हेल्पलाइन के शुरू होने के लिए वर्ष 2017 तक इंतजार करना पड़ेगा। उसी वर्ष दिल्ली में निकाय चुनाव भी होने वाला है।

केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय में आईएएनएस को बताया, “हम जनता के लिए सिंगल हेल्पलाइन लाने की योजना बना रहे हैं। लेकिन यह वर्ष 2017 तक संभव हो पाएगा।”

केजरीवाल ने कहा कि उन्हें अहसास हुआ है कि ज्यादातर लोक शिकायतें स्थानीय निकायों से संबंधित होती हैं। लेकिन कम ही लोगों को पता है कि दिल्ली सरकार का इन निकायों पर नियंत्रण नहीं है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम, उत्तरी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम का नियंत्रण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथ में है।

केजरीवाल ने कहा, “सारा दोष हमें ही दिया जाता है, क्योंकि लोगों को लगता है कि हमें बहुमत से जिताया है तो हमें ही सारी समस्याएं सुलझानी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि लोगों को पता नहीं होता कि शिकायतों के लिए कहां संपर्क करें और गलत विभागों की हेल्पलाइनों पर संपर्क करते हैं और परेशान होते हैं।

केजरीवाल ने कहा, “लोगों को पता नहीं होता कि कहां शिकायत करनी है। मामला एमसीडी का होता है, फोन पीडब्ल्यूडी को करते हैं। लेकिन सिंगल हेल्पलाइन तब ही शुरू की जा सकेगी जब हम एमसीडी चुनाव में जीतेंगे।”

इस समय दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार-निवारक हेल्पलाइन 1031 और महिला हेल्पलाइन 181 में सबसे ज्यादा शिकायती फोन आते हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तरी दिल्ली एवं पूर्वी दिल्ली नगर निगमों के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की, जिससे उन क्षेत्रों में सफाईकर्मियों को वेतन भुगतान किया जा सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493