भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर योग की कक्षा

भोपाल, 15 जून(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में विश्व योग दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। जगह-जगह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर भी सोमवार को योग प्रशिक्षण का कार्यक्रम हुआ। इस प्रशिक्षण में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ योग किया।

मुख्यमंत्री निवास पर एक हाल का नजारा पूरी तरह योग कक्षा जैसा था, जहां एक प्रशिक्षक प्रशिक्षण दे रहा था, तो उसके सामने राज्य के मुख्यमंत्री से लेकर कई मंत्री योग कर रहे थे। विभिन्न चालन क्रियाएं, योगासन, प्राणायाम और ध्यान किए गए।

योग प्रशिक्षक ने ग्रीवा और कटि संचालन, घुटने के व्यायाम, ताड़ासन, वृक्षासन, पाद-हस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, अर्धउष्टासन, शशांकासन, चक्रासन, भुजंगासन, शलभासन, मकरासन, सेतुबंध आसन, पवनमुक्तासन, शवासन करवाए। इसके साथ ही कपालभाथि, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम कराए गए। उसके बाद सभी ने ध्यान किया गया।

प्राशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा गृहमंत्री बाबूलाल गौर, स्कूली शिक्षा मंत्री पारस जैन, परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह, वित्त मंत्री जयंत मलैया, लोक निर्माण मंत्री सरताज सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव, वन मंत्री डा़ॅ गौरीशंकर शेजवार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पर्यटन राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा, नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य, स्कूली शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी, स्वास्थ्य राज्य मंत्री शरद जैन और अपर मुख्य सचिव एस़ आऱ मोहन्ती शामिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493