इस्लामाबाद, 18 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान में सेना की आलोचना को लेकर दो पूर्व प्रधानमंत्रियों राजा परवेज अशरफ और यूसुफ रजा गिलानी ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) में विभिन्न पदों से इस्तीफे दे दिए हैं।
‘जियो न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गिलानी और अशरफ पीपीपी में उपाध्यक्ष और महासचिव के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने बुधवार शाम कराची में बिलावल हाउस में पार्टी की केंद्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक के दौरान पदों से इस्तीफा दे दिए।
बैठक में मौजूद सूत्रों के मुताबिक, राजा परवेज अशरफ सेना के खिलाफ की गई पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की टिप्पणियों से आहत थे।
सूत्रों के अनुसार, अशरफ ने कहा, “पाकिस्तान के सशस्त्र बलों की आलोचना करना पूर्व राष्ट्रपति को शोभा नहीं देता। हर कोई पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ का सम्मान करता है। राजनीतिक पार्टियों के नेताओं को राष्ट्रीय संस्थानों के साथ संघर्ष की स्थिति में नहीं रहना चाहिए।”
पेशावर में मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जरदारी ने कहा था कि यदि कोई पीपीपी की छवि बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा, भले ही वह सेना के जनरल ही क्यों न हों।
सूत्रों के मुताबिक, गिलानी ने बैठक में बताया कि इस्तीफे इसलिए लिए गए हैं, ताकि बिलावल को पार्टी के पुनर्गठन में किसी तरह की मुश्किल न हो।
dharmpath.com dharmpath