हेग, 18 जून (आईएएनएस)। यूरो जोन देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में गुरुवार को ग्रीस पर सहमति कायम हो पाने की संभावना काफी कम है। यह बात डच वित्त मंत्री और यूरो समूह के अध्यक्ष जेरोन डिसेलब्लॉम ने डच संसद में हुई एक बहस के दौरान कही।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, डिसेलब्लॉम ने बुधवार को कहा, “लक्ष्य अभी भी सहमति पर पहुंचना और ग्रीस को यूरो जोन में कायम रखना है।”
उन्होंने कहा कि इस महीने के आखिर तक सहमति कायम हो जानी चाहिए।
30 जून को ग्रीस को दूसरी राहत की परिपक्व ता अवधि पूरी हो जाएगी। उसी दिन ग्रीस को करीब 1.5 अरब यूरो (1.69 अरब डॉलर) कर्ज के किस्त का भुगतान अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) को करना होगा।
सरकार और कर्जदाताओं का मानना है कि जब तक ग्रीस के साथ समझौता नहीं हो जाता, तब तक वह कर्ज के किस्त का भुगतान नहीं कर सकता है।
ग्रीस सरकार अपने कर्जदाता यूरो जोन, यूरोपीय केंद्रीय बैंक और आईएमएफ के साथ लंबे समय से वार्ता कर रही है, जिसका अब तक कोई परिणाम नहीं निकल पाया है।
ग्रीस के प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास द्वारा कर्जदाताओं की शर्त को बेवकूफाना कहने को डिसेलब्लॉम ने गलत और अनुचित बताया।
डिसेलब्लॉम ने कहा, “हमने उन्हें विकल्प पेश करने के लिए कहा है, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई है।”
ग्रीस की ओर से चूंकि कोई प्रस्ताव नहीं आया है, इसलिए इस बात की संभावना नहीं है कि यूरोजोन के वित्त मंत्री लक्जमबर्ग में आयोजित बैठक में गुरुवार को कोई फैसला ले पाएंगे।
dharmpath.com dharmpath