चंडीगढ़, 18 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब में आत्महत्या करने वाले किसान सुरजीत सिंह के परिवार से गुरुवार को मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में उनके साथ होने का भरोसा जताया। पंजाब के किसान सुरजीत ने बेमौसम बरसात के कारण फसल खराब होने पर आत्महत्या कर ली थी।
फतेहगढ़ साहिब में चुन्नी कलां के पास दादूमाजरा गांव में शोक संतप्त परिवारों के साथ लगभग 15 मिनट तक रुकने के बाद राहुल गांधी अपनी रिश्तेदार से मिलने खूबसूरत पहाड़ी शहर कसौली के लिए रवाना हो गए।
सुरजीत ने 10 जून को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। वह 60 साल के थे और कर्ज के बोझ तले दबे हुए थे। बे-मौसम बरसात के कारण उनकी फसल बर्बाद हो गई थी, जिसके बाद 28 अप्रैल को उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
सुरजीत के पुत्र कुलविंदर सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “राहुल जी यहां पर विशेष रूप से हमारे पिता के भोग में शामिल होने आए थे। उन्होंने देश के किसानों की दुर्दशा का मामला उठाने का वादा किया।”
राुहल गांधी ने पिछले माह किसानों के समर्थन में मजबूती से आवाज मुखर की थी। वे ट्रेन द्वारा दिल्ली से हरियाणा के शहर अंबाला गए थे और उनके हालातों से रूबरू हुए थे। किसानों की स्थिति से अवगत होने के लिए उन्होंने पंजाब का भी दौरा किया था।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि किसानों से मिलने के बाद राहुल गांधी कसौली पहुंचे। वे शोभा नेहरू से मिलने के लिए कसौली गए हैं। शोभा नेहरू का विवाह जवाहर लाल नेहरू के चचेरे भाई बी.के. नेहरू से हुआ था।
शोभा नेहरू का जन्म हंगरी के बुडापेस्ट में हुआ था। वह 1935 में नेहरू परिवार की बहू बनी थीं।
स्वतंत्र भारत के सबसे प्रतिष्ठित लोक सेवकों में से एक बी.के. नेहरू का 92 साल की उम्र में 31 अक्टूबर 2001 को निधन हो गया था।
dharmpath.com dharmpath