मेक्सिको के पहले अंतरिक्ष यात्री लड़ सकते हैं राष्ट्रपति चुनाव

मेक्सिको सिटी, 19 जून (आईएएनएस)। उत्तरी अमेरिका के देश मेक्सिको के पहले अंतरिक्ष यात्री रोडोल्फो नेरी वेला यहां वर्ष 2018 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में किस्मत आजमा सकते हैं।

वेला (63) मेक्सिको के वैज्ञानिक और अंतरिक्ष विज्ञानी हैं, जो वर्ष 1985 में नासा के स्पेस शटल अभियान के तहत अंतरिक्ष गए थे। वह मेक्सिको के एकमात्र और लैटिन अमेरिका के दूसरे नागरिक हैं, जिन्होंने अंतरिक्ष की यात्रा की है।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह यूनिवर्सिटी ऑप वेराक्रुज में एक किताब के अनावरण के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं।

उनसे जब पूछा गया कि क्या वह राजनीति में उतरने पर विचार कर रहे हैं, वेला ने जवाब दिया कि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति चुनाव लड़ना चाहेंगे।

वेला ने कहा, “मुझे नहीं लगा कि मीडिया इसको इतनी गंभीरता से लेगा। लेकिन एक सप्ताह से भी कम वक्त में मुझे समर्थन में 100 ई-मेल प्राप्त हुए हैं।”

उन्होंने कहा कि उन्हें 2018 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के बारे में निश्चित फैसला करने के लिए थोड़ा वक्त चाहिए।

वेला के अनुसार, मेक्सिको की सबसे बड़ी चुनौती शिक्षा में सुधार और भ्रष्टाचार को खत्म करना है।

वेला ने कहा कि राष्ट्रपति बनने पर वह हर गरीब को जेल से रिहा कर देंगे, जिन्हें भोजन की चोरी के कारण गिरफ्तार किया गया और फिर उन जेलों में भ्रष्ट राजनीतिज्ञों को बंद करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493