नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। 21 जून को प्रथम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले शुक्रवार सुबह यहां राजपथ पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान हजारों लोगों ने विभिन्न आसन किए।
इसमें हिस्सा लेने वालों में विभिन्न कॉलेजों और एनसीसी के ज्यादातर युवा पुरुष और महिलाएं थी। ये लोग यहां आखिरी अभ्यास के लिए चटाइयों और पानी की बोतलों के साथ आए थे।
गुड़गांव के एक इंजीनियरिंग छात्र कपिल पराशर ने आईएएनएस को बताया, “हम यहां पिछले दो दिनों से अभ्यास कर रहे हैं। हमने यहां लगभग सभी आसन सीख लिए हैं, जिन्हें योग दिवस के दिन किया जाएगा।”
सरकारी अधिकारी और रक्षा सैन्य कर्मी भी इसका हिस्सा बनेंगे। 21 जून (रविवार) को यहां व्यायामों के प्राचीन नियमों और श्वास तकनीकों को किया जाएगा।
राजपथ के दोनों ओर बड़ी संख्या में स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि इसमें हिस्सा लेने वाले भागीदार सही योग आसनों को सीख सकें।
सुबह सात बजे इस पूर्वाभ्यास को शुरू किया गया। राजपथ पर लगी बड़ी स्क्रीनों पर मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा (एमडीएनआईवी) द्वारा तैयार योग आसनों की डिस्क चलाई गई, ताकि लोग ठीक तरह से योग आसन कर सकें।
एक युवा भागीदार संजय कुमार ने आईएएनएस को बताया कि वह इस आयोजन का हिस्सा बनकर खुश हैं।
इस दौरान दिल्ली में भारी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। राजपथ के आसपास दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है।
पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “सभी भागीदारों और अन्य सहायक कर्मचारियों को विशेष पास जारी किए गए हैं। वैध पासों के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।”
dharmpath.com dharmpath