नियामी,19 जून (आईएएनएस)। नाइजर के दक्षिणपूर्वी क्षेत्र में नाइजीरिया की सीमा के पास आतंकवादी समूह बोको हरम के लड़ाकों ने एक हमले के दौरान 100 से अधिक घरों को आग लगा दिया। बुधवार रात और गुरुवार सुबह के बीच हुए इस हमले में 38 लोगों की जान चली गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, नाइजर के आतंरिक मामलों के मंत्री हसौमी मसाओदू ने राष्ट्रीय रेडियो पर गुरुवार को ‘अंफानी’ रेडियो द्वारा पूर्व में जारी रपट की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “बोको हरम ने 10 बच्चों, 14 महिलाओं और 14 पुरुषों की लमाना और इंगोमाओ में हमले के दौरान हत्या कर दी।”
‘अंफानी’ रेडियो स्टेशन ने अपनी रपट में बताया था कि इस्लामी कट्टरपंथी समूह के सदस्यों द्वारा लगभग 40 लोगों को गोली मार दी गई, जबकि अन्य लोगों को समूह में विभिन्न घरों में बंद कर दिया गया और बाद में उनमें आग लगा दी गई।”
पिछले तीन माह के दौरान लेक चाड बेसिन के अन्य पड़ोसी देशों की तरह ही नाइजर पर भी बोको हरम के हमलावरों ने कई गंभीर हमले किए हैं और इन हमलों में कई नागरिक और सैनिक मारे गए हैं।
बोको हरम के खिलाफ बड़े पैमाने पर नाइजीरिया और चाड के सैनिक अभियान चला रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath