मप्र : राजधानी से लेकर गांव तक योग के रंग में (लीड-1)

भोपाल, 21 जून(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस रविवार को उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। हर तरफ नजारा ऐसा था, मानो हर कोई योग के रंग में रंग गया हो। राजधानी भोपाल से लेकर गांवों, कस्बों तक में आम से खास लोग योग क्रियाएं करते नजर आए।

राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न वगरें, संगठनों से जुड़े लोगों के साथ योग किया। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि योग को जीवन का अंग बनाएं। योग के माध्यम से उपयोगी तथा विलक्षण व्यक्तित्व बनें तथा देश, प्रदेश और दुनिया को बेहतर बनाने में योगदान करें।

मुख्यमंत्री चौहान ने आगे कहा कि जीवन में सक्षमता के साथ काम करने के लिए योग जरूरी है। योग को दिनचर्या से जोड़ें और प्रतिदिन योग प्राणायाम करें। योग सारी दुनिया को जोड़ता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर आज भारत की प्राचीन विधा योग पूरी दुनिया की विधा बन गई है। जीवन में किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए स्वस्थ शरीर आवश्यक है और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग जरूरी है। योग और प्राणायाम से शरीर में स्वाभाविक ऊर्जा उत्पन्न होती है जो शरीर को स्वस्थ रखती है।

शिवराज ने कहा कि योग ऐसी वैज्ञानिक पद्घति है जिससे मन प्रसन्न रहता है और मस्तिष्क पूर्ण क्षमता से कार्य करता है। योग सबके कल्याण की विधा है। योग परमात्मा से जुड़ने का माध्यम है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उद्बोधन सुना गया। कार्यक्रम में प्रार्थना, विभिन्न योग आसन, प्राणायाम, ध्यान और संकल्प किया गया।

कार्यक्रम में गृह मंत्री बाबूलाल गौर, महापौर आलोक शर्मा, सांसद आलोक संजर, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक विश्वास सारंग, मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा, पुलिस महानिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, नागरिक और योग प्रशिक्षक शामिल हुए।

राज्य के अन्य स्थानों पर भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं इंदौर में नगर प्रशासन मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने हिस्सा लिया। वह आयोजन स्थल तक साइकिल से पहुंचे। इसी तरह विभिन्न स्थानों पर सरकार के मंत्रियों ने योग में हिस्सा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493