लखनऊ/मेरठ, 21 जून (आईएएनएस)। रक्षामंत्री मनोहर पार्रिकर ने रविवार को कहा कि छावनी परिषद के कुछ जटिल नियमों को और आसान बनाया जाएगा। मेरठ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पर्रिकर ने रिमाउंट वेटनरी कोर के ग्राउंड में फौजियों के साथ योगासन किया।
रक्षामंत्री ने बाद में मेरठ छावनी के पाइन डिवीजन के मुख्यालय में सैन्य अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। उन्होंने डिवीजन की तैयारियों के बारे में जाना और भावी रणनीति पर चर्चा की।
पर्रिकर ने कहा कि सैन्य जरूरतों के हित को बचाए रखते हुए और नागरिक जरूरतों को ध्यान में रखकर छावनी के नियमों में संशोधन किया जाएगा। छावनी के लोगों को कई मसलों में एनओसी की जरूरत पड़ती है, मेरिट के आधार पर उसे भी जारी करने पर फोकस होगा।
उन्होंने कहा कि छह माह के अंदर छावनी की नागरिक सुविधाओं में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके लिए नागरिक जरूरतों के साथ ही सेना से भी राय ली जा रही है।
रक्षामंत्री ने हाल ही में म्यांमार में आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए अथयान का जिक्र किया और उसकी प्रशंसा करते हुए कहा कि एक बार फिर साबित हुआ है कि भारतीय फौज कुछ भी करने में सक्षम है। उन्होंने विकास को सरकार का सवरेपरि एजेंडा बताया।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ़ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, मेरठ दक्षिण विधायक रवींद्र भड़ाना, सरधना विधायक संगीत सोम, सहित बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मनोहर पर्रिकर ने कहा देश की अवसंरचना का विकास करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय ने जनहित में कई एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र) दिया है।
dharmpath.com dharmpath