नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय 2013-14 के 2.21 लाख रुपये से बढ़कर 2014-15 में 2.42 लाख रुपये हो गई, जो 87,748 रुपये के राष्ट्रीय औसत से तीन गुना अधिक है। यह बात आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने बुधवार को कही।
दिल्ली के वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा विधानसभा में पेश की गई 2014-15 की आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय 13.49 फीसद बढ़ी है।
दिल्ली का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 2014-15 में 4,51,154 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले के जीएसडीपी के मुकाबले 15.35 फीसदी अधिक है।
राज्य सरकार की कर वसूली जहां 2.64 फीसदी बढ़ी है, वहीं कुल आय 2013-14 के 5,615.37 करोड़ रुपये से बढ़कर 2014-15 में 6,079.53 करोड़ रुपये हो गई।
2014-15 में राज्य का वित्तीय घाटा 221.25 करोड़ रुपये रहा।
आर्थिक समीक्षा के मुताबिक, समाज सेवा क्षेत्र में सरकारी खर्च 10वीं पंच वर्षीय योजना के 48.79 फीसदी से बढ़कर 11वीं पंच वर्षीय योजना में 57.12 फीसदी कर दिया गया था, जो 12वीं पंचवर्षीय योजना के प्रथम वर्ष में और बढ़ाकर 65.75 फीसदी कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath