अहमदाबाद, 26 जून (आईएएनएस)। गुजरात में पिछले चार दिनों से जारी भारी बारिश के कारण हुई विभिन्न घटनाओं में 81 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ के कारण राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
गांधीनगर में गुजरात आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “अमरेली जिला सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां पिछले 48 घंटे में बारिश के कारण विभिन्न घटनाओं में 33 लोगों की मौत हो गई।”
अहमदाबाद स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को आने वाले दिनों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है।
अहमदाबाद मौसम विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे गुजरात में छा गया है। मानसून पूरे गुजरात, खासकर सौराष्ट्र क्षेत्र में सक्रिय है। इस वक्त बाढ़ की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।”
भावनगर जिले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि राजकोट तथा भरूच जिलों में बारिश के कारण हुई विभिन्न घटनाओं में पांच-पांच लोगों की मौत हुई है।
गुजरात सरकार ने बारिश तथा से बाढ़ से तबाह हुए परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल ने अपने आधिकारिक ट्विटर खाते के जरिये इसकी घोषणा की। उन्होंने लिखा, “हमने बारिश तथा बाढ़ के कारण अपनों को खोने वाले परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का फैसला किया है।”
dharmpath.com dharmpath