उत्तराखंड में फंसे आंध्र, तेलंगाना के तीर्थयात्री

हैदराबाद, 27 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड में आई बाढ़ के कारण 100 से अधिक तेलुगू तीर्थयात्री फंसे हुए हैं, तथा तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की सरकारें उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुटी हुई हैं।

नई दिल्ली में मौजूद आंध्र प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि के. राममोहन राव ने कहा कि उत्तराखंड में फंसे राज्य के 135 तीर्थयात्रियों को शनिवार शाम तक नई दिल्ली वापस लाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अधिकारी तीर्थयात्रियों को दिल्ली से उनके घर भेजने की व्यवस्था भी कर रहे हैं।

इससे पहले आंध्र के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दिल्ली में तैनात राज्य के रेजिडेंट कमिश्नर को तीर्थयात्रियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

भारी बारिश के कारण सड़क मार्ग से संपर्क टूट जाने के कारण बद्रीनाथ जा रहे तीर्थयात्री चार दिनों से बीच मार्ग में ही फंसे हुए हैं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री पूरे हालात पर नजर रखे हुए हैं।

राहत एवं बचाव कार्य पर नजर रखने के लिए आंध्र प्रदेश भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी हरिद्वार पहुंच चुका है।

इस बीच तेलंगाना सरकार उत्तराखंड में बड़ी संख्या में राज्य के तीर्थयात्रियों के फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद सजग हो गई है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी राज्य के तीर्थयात्रियों के संबंध में सूचना प्राप्त करने के लिए उत्तराखंड के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।

तेलंगाना भवन के रेजिडेंट कमिश्नर शशांक गोयल ने बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित जिलों रुद्रप्रयाग और चमोली के जिलाधिकारियों से बात की और वहां फंसे तेलंगाना के तीर्थयात्रियों के बारे में जानकारी ली।

तेलंगाना सरकार ने दिल्ली में हेल्पलाइन नंबर भी शुरू कर दिए हैं।

ये हेल्पलाइन नंबर हैं : 011-23380558 (रेजिडेंट कमिश्नर), 09871999052 (असिस्टेंट कमिश्नर)

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493