बिहार : सांसद पप्पू यादव ने किया राजभवन मार्च

पटना, 27 जून (आईएएनएस)। पटना के बाढ़ में पुटुस यादव हत्याकांड के मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग को लेकर शनिवार को सांसद पप्पू यादव अपने समर्थकों के साथ राजभवन मार्च किया। इस दौरान सांसद ने घोषणा की कि 10 दिन बाद वह राज्यभर में घूम-घूमकर राज्य सरकार की पोल खोलेंगे।

जन अधिकार पार्टी (जअपा) के कार्यालय से शुरू हुए इस मार्च में पप्पू यादव और उनके समर्थक मुंह पर काली पट्टी बांधकर इस हत्याकांड का विरोध जता रहे थे।

राजभवन मार्च को देखते हुए प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी। सड़कों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने मार्च में शामिल लोगों को आर ब्लॉक चौराहे पर रोक दिया। काफी देर हंगामा होने के बाद सांसद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा और राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में एक ज्ञापन दिया।

इस दौरान सांसद ने कहा कि सत्ता संरक्षित अपराध के खिलाफ जन अधिकार पार्टी पूरे राज्य में पदयात्रा करेगी और राज्य सरकार की पोल खोलेगी। यह पदयात्रा पटना के बाढ़ से शुरू होगी। सांसद ने सभी विधायकों और सांसदों की संपत्ति की जांच कराने की भी मांग की।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को पप्पू यादव को बाढ़ में एक जनसभा करने का कार्यक्रम था, मगर प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी।

पिछले दिनों बाढ़ के चार युवकों के अपहरण और बाद में एक युवक पुटुस यादव की हत्या के मामले में जनता दल (युनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह का नाम जुड़ जाने के बाद इस मामले ने पूरी तरह राजनीति रंग ले लिया है। बाहुबली विधायक अनंत इस समय अपहरण के एक अन्य मामले में जेल में बंद हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493