एचडब्ल्यूएल : क्वार्टर फाइनल में मलेशिया से पार पाने की चुनौती

एंटवर्प (बेल्जियम), 30 जून (आईएएनएस)। हॉकी वल्र्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल के पूल मैचों में आस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र हार के बाद भारतीय पुरुष टीम अब क्वार्टर फाइनल में बुधवार को ब्रासचाट म्यूनिसिपल पार्क मैदान पर मलेशिया से भिड़ेगी।

भारत आखिरी बार अपने एशियाई प्रतिद्वंद्वी से इस साल की शुरुआत में सुल्तान अजलान शाह कप में भिड़ा था। मलेशिया इस मैच को 3-2 से जीतने में सफल रहा और भारतीय कोच पॉल वैन ऐस इससे वाकिफ हैं।

नीदरलैंड्स के वैन ऐस के अनुसार, “मलेशिया एक अच्छी टीम है और एशिया में वह शीर्ष चार में शामिल है। इसलिए मैच को हल्के में लेना गलती होगी। हम मैच दर मैच ध्यान दे रहे हैं और हर टीम के हिसाब से अपनी तैयारी कर रहे हैं। हम अपनी आक्रामकता के साथ खेलेंगे।”

ऐस के अनुसार मलेशिया हाल में भारत को हरा चुका है इसलिए टीम को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

एचडब्ल्यूएल में हालांकि भारतीय टीम का अब तक का सफर संतोषजनक रहा है, लेकिन आस्ट्रेलिया से मिली करारी हार ने एक बार फिर उसकी रणनीति पर सवाल उठाए हैं।

फ्रांस और पोलैंड के खिलाफ पहले दो मैच जीतने के बाद भारतीय टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ 2-2 से ड्रा खेला। इसके बाद पूल-ए के अपने आखिरी मैच में विश्व रैंकिंग में नौवें पायदान पर काबिज भारतीय टीम को आस्ट्रेलिया से 2-6 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

बहरहाल, क्वार्टर फाइनल की बात करें तो भारतीय आक्रमण का दारोमदार एक बार फिर रमनदीप सिंह पर होगा। अब तक कुल चार गोल दाग चुके रमनदीप इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने के मामले में शीर्ष चार में शामिल हैं। ऐसे में मलेशियाई खिलाड़ियों की कोशिश उन्हें रोकने की होगी।

भारतीय मिडफील्ड की जिम्मेदारी हमेशा की तरह कप्तान सरदार सिंह के कंधों पर होगी। सरदार इस टूर्नामेंट में कई मौकों पर गेंद को अपने पास ज्यादा समय तक रखने और मौके पैदा करने में अहम भूमिका निभा चुके हैं।

आस्ट्रेलिया के खिलाफ पूल मैच के दौरान अपना 200वां अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले गुरबाज सिंह, चिंग्लेनसाना सिंह, धर्मवीर सिंह और युवा ललित उपाध्याय बतौर डिफेंडर मैदान पर महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे।

मलेशिया विश्व रैंकिंग में 12वें पायदान पर है और उसके तीन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मोहम्मद शमसुल, रजी रहीम और इज्वान फिरदौस अहमद तादुद्दीन भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। यह तीनों टूर्नामेंट में अब तक दो-दो गोल कर चुके हैं।

एक अन्य क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया का सामना आयरलैंड से होगा। वहीं, ब्रिटेन एशियाई टीम पाकिस्तान को जबकि फ्रांस मेजबान बेल्जियम को चुनौती देगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493