मप्र में हवाओं से मौसम खुशनुमा

भोपाल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में सोमवार सुबह से चल रही हवाओं ने मौसम खुशनुमा बना दिया। आसमान साफ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।

राज्य को जोरदार बारिश का इंतजार है। सोमवार को धूप निकली हुई है, लेकिन उसमें तल्खी नहीं है। हवा अपेक्षाकृत राहत भरी है। मौसम विभाग ने इन हवाओं को बारिश लाने में मददगार बताया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद, जबलपुर और रीवा में बारिश हो सकती है। झमाझम बारिश के लिए राज्य को तीन-चार दिन इंतजार करना पड़ेगा।

राजधानी भोपाल में सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री, इंदौर में 23.2 डिग्री, ग्वालियर में 25.3 डिग्री और जबलपुर में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पूर्व यानी रविवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री, इंदौर में 32.2 डिग्री, ग्वालियर में 39 डिग्री और जबलपुर में 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493