क्रोएशिया : हिरासत में भेजे गए फुटबाल अधिकारी

जगरेब (क्रोएशिया), 6 जुलाई (आईएएनएस)। क्रोएशिया में कर चोरी एवं भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते कई फुटबाल अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, जागरेब की एक अदालत ने रविवार को क्रोएशिया के शीर्ष फुटबाल क्लब डिनामो जगरेब के शीर्ष अधिकारियों, जिनमें मुख्य कार्यकारी जद्रावको मामिक और उनके भाई जोरान मामिक शामिल हैं तथा क्रोएशिया फुटबाल संघ (एचएनएस) के कार्यकारी अध्यक्ष डामिर वरबानोविक को एक सप्ताह की हिरासत पर भेज दिया।

क्रोएशिया की भ्रष्टाचार रोधी इकाई द्वारा फुटबाल अधिकारियों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

जद्रावको मामिक डिनामो क्लब के कार्यकारी निदेशक के साथ-साथ एचएनएस के कार्यकारी उपाध्यक्ष भी हैं, जबकि जोरान क्लब के कोच हैं।

इन अधिकारियों पर वित्तीय अनियमितता में एक अज्ञात भ्रष्ट टैक्स अधिकारी की मदद लेने का संदेह है। कथित अपराध के कारण डिनामो क्लब को 156 लाख यूरो तथा क्रोएशिया की बजट को कम से कम 120 लाख यूरो की क्षति हुई है।

इसके अतिरिक्त जद्रावको पर कम से कम 69 लाख यूरो और उनके भाई पर 50 लाख यूरो की कमाई करने का आरोप है।

स्थानीय मीडिया में आई रपटों के मुताबिक मामिक बंधुओं पर डिनामो के पूर्व मिडफिल्डर लुका मोड्रिक एवं अन्य खिलाड़ियों के स्थानांतरण के जरिए अवैध कमाई करने का आरोप है। मोड्रिक अब स्पेन के अग्रणी क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493