विंबलडन : बोपन्ना-मेर्गिया क्वार्टर फाइनल में, पेस-नेस्टर बाहर

विंबलडन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय शीर्ष युगल टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने रोमानिया के अपने जोड़ीदार फ्लोरिन मेर्गिया के साथ सोमवार को विंबलडन के पुरुष युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

सोमवार को ही हालांकि पेस के रूप में एक झटका भी लगा। भारतीय दिग्गज पेस और कनाडा के डेनियल नेस्टर की जोड़ी पुरुष युगल वर्ग के तीसरे दौर के मैच में हारकर बाहर हो गई।

बोपन्ना-मेर्गिया की जोड़ी ने पोलैंड के लुकास कुबोट और बेलारूस के मैक्स मिर्नई की जोड़ी के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद जीत हासिल की।

कोर्ट-8 पर तीन घंटा 20 मिनट तक चले हुए पुरुष युगल वर्ग के तीसरे दौर के मुकाबले में नौवीं वरीय बोपन्ना-मेर्गिया की जोड़ी ने कुबोट-मिर्नई की जोड़ी को 7-6(4), 6-7(5), 7-6(5), 7-6 (8) से हराया। चार सेटों तक खिंचे मुकाबले के हर सेट का निर्णय टाईब्रेकर में हुआ।

उधर कोर्ट-6 पर हुए पुरुष युगल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में पेस-नेस्टर की जोड़ी ब्राजील के ब्रूनो सोरेस और ऑस्ट्रिया के एलेक्जांदर पेया की जोड़ी से 3-6, 5-7, 6-3, 6-2, 2-6 से हार गई।

हारने से पहले हालांकि पेस-नेस्टर ने पांच सेटों तक जमकर संघर्ष किया और सोरेस-पेया की जोड़ी को दो घंटा 42 मिनट पसीना बहाने पर मजबूर किया।

पेस-नेस्टर ने तीन के मुकाबले छह एस लगाए और 12 की बनिस्बत 17 विनर्स भी जड़े, हालांकि इस मैच के साथ विंबलडन में उनका सफर यहीं थम गया।

क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने वाली बोपन्ना-मेर्गिया की जोड़ी अब शीर्ष वरीय बॉब ब्रायन और माइक ब्रायन की जोड़ी से भिड़ेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493