टाइगरएयर ने 50 फीसदी किराया घटाया

चेन्नई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। सिंगापुर के स्वर्ण जयंती समारोह के जश्न में शरीक होते हुए किफायती विमानन कंपनी टाइगरएयर ने सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड की साझेदारी में मंगलवार को किराए में 50 फीसदी छूट की घोषणा की है।

विमानन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह एक सीमित अवधि वाली पेशकश है और भारत के पांच शहरों से सिंगापुर की यात्रा करने वाले यात्री इसका लाभ उठा सकते हैं।

कंपनी के बिक्री और विपणन निदेशक तेह यिक चुआन ने यहां संवाददाताओं से कहा, “चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद, कोच्चि और त्रिचि से सात जुलाई, 2015 से 15 जुलाई के बीच बुकिंग कराने वाले यात्री इस छूट का लाभ उठा सकते हैं।”

इन टिकटों पर चार अगस्त, 2015 से छह नवंबर 2015 के बीच यात्रा की जा सकती है।

इस पेशकश के तहत टाइगरएयर की वेबसाइट से निर्धारित अवधि के अंदर बुकिंग करने पर चेन्नई से सिंगापुर के लिए एक ओर का किराया 3,799 रुपये और चेन्नई से सिंगापुर जाने और वापस आने का कुल किराया 7,999 रुपये होगा।

चुआन ने कहा, “सिंगापुर की आजादी की 50वीं सालगिरह मनाने के लिए सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड के साथ साझेदारी कर हम उत्साहित हैं।”

सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड की क्षेत्रीय निदेशक ब्रिजेट गोह के मुताबिक सिंगापुर में भारतीय पर्यटकों की संख्या 2015 की पहली छमाही में पांच लाख से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में यह संख्या 9,43,000 रही थी और इस साल इसके अधिक रहने का अनुमान है।

गोह ने बताया कि जश्न की खुशी में सिंगापुर सरकार भी विदेशी पर्यटकों को काफी सुविधाएं दे रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493