बम की अफवाह बाद तुर्की के विमान की दिल्ली में तलाशी (लीड-2)

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। टर्किश एयरलाइंस के एक विमान में बम होने की खबर मिलते ही उसे यहां के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। गहन तलाशी के दौरान हालांकि विमान में कोई विस्फोटक नहीं पाया गया।

एक अधिकारी ने कहा कि टर्किश एयरलाइंस का विमान टीके-0065 कुल 134 यात्रियों को लेकर बैंकॉक से इस्तांबुल जा रहा था, जिस दौरान किसी ने स्नानघर के शीशे पर बम होने की धमकी लिखी देखी। सूत्रों के मुताबिक, बम होने की धमकी लिपस्टिक से लिखी गई थी।

टर्किश एयरलाइंस के मीडिया रिलेशंस के उपाध्यक्ष अली गेंस ने एक बयान में कहा, “बैंकॉक से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के विमान टीके0065 में बम होने की खबर के बाद उसे दिल्ली में उतारा गया है।”

उन्होंने कहा, “विमान पहले ही सफलतापूर्वक दिल्ली में उतार लिया गया है। हमारे यात्री तथा चालक दल के सदस्य विमान से सुरक्षित निकलकर टर्मिनल की इमारत में पहुंच गए हैं।”

गेंस ने आगे कहा कि आवश्यक सुरक्षा जांच हो रही है।

उन्होंने कहा, “इसके अलावा, अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुसार, विमान की तलाशी ली जा रही है। यह वर्तमान में जारी है। हर तरह की सुरक्षा जांच के बाद विमान बैंकॉक की अपनी यात्रा पर रवाना हो जाएगा।”

हवाईअड्डा सूत्रों ने इससे पहले आईएएनएस से कहा था कि विमान में कुल 148 यात्री सवार हैं।

हवाईअड्डा के सूत्रों ने कहा, “चालक दल के सदस्य ने कार्गो (विमान में सामान रखने की जगह) के स्नानघर के शीशे में ‘खाव में बम’ होने का संदेश पढ़ा। इसके बाद विमान के पायलट ने नागपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया, जिसने उसे दिल्ली एटीसी से जुड़ने के लिए निर्देशित किया।”

सूत्रों ने कहा कि दिल्ली एटीसी से निर्देश मिलने के तत्काल बाद लगभग 1.40 बजे आईजीआई हवाईअड्डे पर विमान की आपात लैडिंग की गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “विमान को हवाईअड्डे पर एक अलग जगह पर ले जाया गया, जहां तमाम यात्रियों को उतारा गया और हवाईअड्डे पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई।”

राष्ट्रीय सुरक्षा गार्डस (एनएसजी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) सहित सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

एक बम निरोधक दस्ते ने श्वान दल के साथ विमान की तलाशी ली। सीआईएसएफ तथा एनएसजी के शीर्ष अधिकारियों ने विमान में बम की खबर के बाद बैठक की।

एक सूत्र ने कहा, “विमान के सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों से खुफिया व सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। सभी सामानों खासकर हैंडबैग्स की तलाशी ली जा रही है, ताकि उस लिपस्टिक की पहचान की जा सके, जिससे शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा गया था।”

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव एल.सी.गोयल तथा खुफिया ब्यूरो के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की।

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कहा, “किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493