वाशिंगटन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के साउथ कैरोलिना राज्य में वायु सेना के एफ-16 लड़ाकू जेट विमान और एक नागरिक विमान में टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, यूएस नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) के प्रवक्ता पीटर नुडसन ने बताया कि सेसना सी-150 मॉडल के छोटे नागरिक विमान में दो लोग सवार थे, जिनकी इस हादसे के बाद मौत हो गई। इस टक्कर में नागरिक विमान पूरी तरह नष्ट हो गया।
दुर्घटना साउथ कैरोलिना के चार्ल्सटन से 18 किलोमीटर उत्तर में मंगलवार पूर्वाह्न् करीब 11 बजे हुई।
अमेरिकी रक्षा विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की कि वायु सेना के एफ-16 लड़ाकू जेट विमान ने चार्ल्सटन से 160 किलोमीटर पश्चिमोत्तर में स्थित शॉ वायु सेना शिविर से उड़ान भरी थी। विमान का चालक दुर्घटना के बाद विमान से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहा।
अमेरिकी वायु सेना के जांचकर्ताओं का एक दल एवं एनटीएसबी के जांचकर्ता दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश करेंगे।
dharmpath.com dharmpath