बिहार : छात्र की मौत के बाद सड़कों पर उतरे लोग

पटना, 8 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना के एक छात्र की कथित रूप से पुलिस की पिटाई के कारण बुधवार को मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पटना के छात्र सड़कों पर उतर आए और हंगामा करने लगे। सांसद पप्पू यादव ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, नौकरी पाने की चाहत में छात्र श्याम नारायण उर्फ सिकू राज (18) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की दौड़ में शामिल होने एक जुलाई को किशनगंज गया था।

कहा जा रहा है कि शारीरिक जांच के दौरान सिकू राज की बीएसएफ के अधिकारियों के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद बीएसएफ के अधिकारियों ने सिकू को पकड़कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।

सिकू के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने सिकू की जमकर पिटाई की और सड़क पर फेंक दिया। किसी तरह सिकू वापस पटना पहुंचा और अपने दोस्तों को इसकी जानकारी दी। दोस्तों ने पांच जुलाई को पटना के एक निजी अस्पताल में सिकू को भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।

इधर, सिकू की मौत की खबर मिलते ही छात्र आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। पटना के करगिल चौक के पास शव के साथ छात्रों ने प्रदर्शन किया। सांसद पप्पू यादव भी इस दौरान मौजूद थे।

पप्पू यादव ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें पांच लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की।

इधर, किशनगंज के पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन ने छात्र की किसी तरह की पिटाई से इंकार करते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण में जिला पुलिस की कोई भूमिका नहीं है। बीएसएफ के अधिकारियों ने पुलिस को बुलाया था। पुलिस छात्र को अस्पताल ले गई थी।

छात्र गया जिले के कोच थाना क्षेत्र के मुरेरा गांव का रहने वाला था, जो पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मृतक छात्र के पिता अमरेन्द्र नारायण ने आरोप लगाया है कि सिकू की किशनगंज पुलिस ने जमकर पिटाई की, जिससे उसका किडनी और लीवर खराब हो गया। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

इधर, पटना में छात्रों के आक्रोश को देखते हुए यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493