हैदाराबाद, 8 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश की कांग्रेस इकाई के पूर्व प्रमुख धर्मपुरी श्रीनिवास ने बुधवार को तेलंगाना की सत्ताधारी पार्टी तेलंगाना राष्ट्र (टीआरएस) समिति का दामन थाम लिया।
राज्य के मुख्यमंत्री के. चंद्रेशखर राव ने पार्टी में श्रीनिवास का स्वागत किया।
तेलंगाना भवन स्थित पार्टी के मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में श्रीनिवास के समर्थक और निजामाबाद जिले के कई कांग्रेसी समर्थक भी चंद्रेशखर राव की पार्टी में शामिल हुए।
इस दौरान चंद्रशेखर राव की बेटी और निजामाबाद से सांसद के. कविता भी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर श्रीनिवास ने कहा कि ‘बंगारू’ (स्वर्णिम) तेलंगाना का लक्ष्य हासिल करने के लिए वह चंद्रशेखर राव के नेतृत्व को मजबूत बनाने के उद्देश्य से टीआरएस में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टीआरएस प्रमुख और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक दूसरे का बहुत सम्मान करते है। उन्होंने कहा कि वह किसी की न तो आलोचना करेंगे और न ही किसी पर आरोप लगाएं।
श्रीनिवास ने केसीआर (चंद्रशेखर राव ) के साथ अपने तीन दशक के सहयोग के रिश्ते को याद किया और तेलंगाना के गठन में उनकी भूमिका की सराहना की।
श्रीनिवास का टीआरएस में स्वागत करते हुए केसीआर ने कहा कि पूर्व कांग्रेसी नेता को कभी पद की चिंता नहीं रही। उन्होंने खुलासा किया कि तेलंगाना आंदोलन के दौरान उन्होंने कई बार श्रीनिवास की राय ली थी।
संयुक्त आंध्र में श्रीनिवास दो बार राज्य कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह ही पार्टी से इस्तीफा दिया था। वे चार दशक से भी अधिक समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ने का फैसला काफी कष्टदायी था।
dharmpath.com dharmpath